'भारत-पाकिस्तान समेत 7 युद्धों को कराया समाप्त, किसी राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री ने नहीं की मदद', UN में बोले ट्रंप

Posted By: Tarun Kumar Posted On: Sep 23, 2025Share Article

संयुक्त राष्ट्र महासभा (UNGA) के 80वें सत्र में बोलते हुए डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया कि भारत-पाकिस्तान समेत उन्होंने सात युद्ध को समाप्त कराया है। यूएन में बोलते हुए अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा, 'सिर्फ सात महीनों की अवधि में मैंने सात अकल्पनीय युद्धों को समाप्त कर दिया है। इसमें कंबोडिया और थाईलैंड, कोसोवो और सर्बिया, कांगो और रवांडा, पाकिस्तान और भारत, इजरायल और ईरान, मिस्र और इथियोपिया, आर्मेनिया और अजरबैजान भी शामिल हैं।'

ट्रंप ने कहा, 'मैंने सात युद्ध समाप्त किए हैं किसी भी राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री और यहां तक कि किसी भी देश ने ऐसा कुछ भी नहीं किया। मैंने यह सिर्फ सात महीनों में कर दिखाया। ऐसा पहले कभी नहीं हुआ। मैं इसे करके बहुत सम्मानित महसूस कर रहा हूं।'

इसके साथ ही ट्रंप ने कहा, 'यह बहुत बुरा है कि ये काम संयुक्त राष्ट्र के बजाय मुझे करने पड़े। दुख की बात है कि इन सभी मामलों में संयुक्त राष्ट्र ने इनमें से किसी में भी मदद करने की कोशिश तक नहीं की। मैंने सात युद्ध समाप्त किए, इन सभी देशों के नेताओं से बात की और मुझे संयुक्त राष्ट्र से एक भी फोन कॉल नहीं आया जिसमें समझौते को अंतिम रूप देने में मदद की पेशकश की गई हो।'

ट्रंप ने सवाल खड़े करते हुए कहा, 'संयुक्त राष्ट्र का उद्देश्य क्या है? संयुक्त राष्ट्र में इतनी जबरदस्त क्षमता है, लेकिन ज्यादातर मामलों में यह उस क्षमता के आस-पास भी नहीं पहुंच पा रही है।'

यूएन में जब अमेरिकी राष्ट्रपति ने बोलना शुरू किया तो उन्होंने कहा कि टेलीप्रॉम्प्टर काम नहीं कर रहा है। ट्रंप ने हंसते हुए कहा, 'मैं केवल इतना कह सकता हूं कि जो भी इस टेलीप्रॉम्प्टर को चला रहा है, वह बड़ी मुसीबत में है।'

यूएन में बोलते हुए ट्रंप ने 2017 से 2021 तक अपने पहले व्हाइट हाउस कार्यकाल का जिक्र करते हुए कहा, 'छह साल बीत चुके हैं जब मैंने आखिरी बार इस भव्य हॉल में खड़े होकर एक ऐसे विश्व को संबोधित किया था जो मेरे पहले कार्यकाल में समृद्ध और शांतिपूर्ण था।'

ट्रंप ने कहा, 'उस दिन से युद्ध की बंदूकों ने दो महाद्वीपों में मेरे द्वारा स्थापित शांति को नष्ट कर दिया है। शांति और स्थिरता के युग ने हमारे समय के सबसे बड़े संकटों में से एक को जन्म दिया है। यहां अमेरिका में पिछले चार साल की सरकार के दौरान कमजोरी, अराजकता और कट्टरवाद ने हमारे देश को बार-बार आपदाओं की ओर धकेल दिया है।'

Source: IndiaTV
Related Posts: Donald Trump, US President Donald Trump, Donald Trump in UNGA, Donald Trump on India Pakistan War, Donald Trump UN speech, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, यूएन में डोनाल्ड ट्रंप

Comment on Post

Leave a comment

If you have a News Orbit 360 user account, your address will be used to display your profile picture.